सरिया: गिरिडीह
सरिया के प्रमुख धार्मिक स्थल राजधाह धाम में शनिवार सुबह पूजा-पाठ और जल अर्पण के दौरान एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। एक अज्ञात महिला ग्रुप ने सरिया की एक महिला गिरिजा देवी 60 वर्ष के गले से सोने की चेन छीन ली। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला ग्रुप में से एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और उसे सरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस महिला ग्रुप ने पूर्व में भी राजधाह धाम में ऐसी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। यह ग्रुप भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाता है और चुपके से गहने चुरा लेता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह राजधाह धाम में भारी भीड़ थी, जहां श्रद्धालु पूजा और जल अर्पण के लिए एकत्रित थे। इसी दौरान यह महिला ग्रुप सक्रिय हुआ और एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने की कोशिश की। लेकिन सीसीटीवी फुटेज और लोगों की सतर्कता के कारण एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
सरिया थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़ी गई महिला से पूछताछ की जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने मंदिर प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अपने गहनों और कीमती सामानों का विशेष ध्यान रखें।