सरिया: गिरिडीह
झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में आज व्यवहार न्यायालय परिसर, गिरिडीह में पॉक्सो एक्ट और मोटर वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामलों पर एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री धनंजय कुमार, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री मनोज कुमार झा, उपायुक्त सह उपाध्यक्ष श्री राम निवास यादव, जिला अधिवक्ता संघ सचिव श्री चुन्नू कांत और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन कर पॉक्सो और मोटर वाहन दुर्घटना वाद के पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सकता है। उपायुक्त श्री राम निवास यादव ने पुलिस, चिकित्सकों और अधिवक्ताओं से वर्कशॉप में दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने इन मामलों में पुलिस और चिकित्सकों की संवेदनशीलता पर जोर दिया।
तकनीकी सत्र में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री राजेश कुमार बग्गा और श्री हरिओम कुमार ने मोटर वाहन दुर्घटना वाद के प्रावधानों, पुलिस, बीमा कंपनियों और न्यायिक अधिकारियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक मो. कौसर अली ने हिट एंड रन मामलों में मुआवजा और अनुसंधान प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री विशाल कुमार और न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री रीमा कुमारी ने पॉक्सो मामलों में अधिकारियों की भूमिका और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता पर चर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री स्मृति त्रिपाठी ने किया। वर्कशॉप में न्यायिक अधिकारी, पुलिस, अधिवक्ता, मध्यस्थ, लोक अभियोजक और न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।